रेसिडेंशियल इलाके के केमिकल गोदाम में भीषण आग, ढाई घंटे बाद पाया काबू

रायपुर। रायपुर रेलवे स्टेशन के पास सत्कार गली में बुधवार रात एक घर में संचालित केमिकल गोदाम में भीषण आग लग गई। गोदाम में लेबोरेट्री के ज्वलनशील केमिकल रखे थे, जिनमें विस्फोट के चलते आग तेजी से फैल गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के होटल-लॉज में रुके लोग बाहर निकल आए।

मामला गंज थाना क्षेत्र का है। आग की सूचना पर फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियाँ और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने सीढ़ी और बुलडोजर की मदद से ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से गोदाम का सारा सामान और एक मालवाहक वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात 9 बजे घर से धुआं उठता देखा गया, फिर तेज लपटें उठने लगीं। विस्फोट की आवाजों के बाद लोगों को समझ आया कि घर के अंदर केमिकल गोदाम है। हादसे के बाद सुरक्षा के लिहाज से आसपास की बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी गई थी।

गोदाम मालिक संदीप वर्मा ने बताया कि उनकी कंपनी ‘लक्ष्मी केमिकल’ लेबोरेट्री से जुड़े ज्वलनशील पदार्थों का व्यापार करती है। उनका बड़ा गोदाम उरला में है, जबकि यह छोटा गोदाम स्टेशन रोड पर स्थित है। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस अब जांच करेगी कि कैसे रेसिडेंशियल क्षेत्र में केमिकल गोदाम संचालित हो रहा था। साथ ही, फायर सेफ्टी के इंतजाम और अन्य संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की जाएगी। आसपास स्थित अन्य केमिकल गोदामों को लेकर भी सतर्कता बरती जा रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button