तखतपुर में युवक ने की आत्महत्या, पुलिस कर रही जांच

तखतपुर: वार्ड क्रमांक 1, चूलघट रोड निवासी सलीम खान उर्फ मंझला ने 6 जून को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सलीम, ताज मेटाडोर सर्विस में हेल्पर के तौर पर काम करता था। घटना वाले दिन वह डिलीवरी के लिए बिलासपुर गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। ड्राइवर ने देर रात तक उसका इंतजार किया।
अगली सुबह खबर मिली कि लिदरी स्थित ठाकुर ढाबा के पास एक पेड़ पर उसका शव लटका मिला है। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
यह दुखद घटना बकरीद के दिन हुई, जिससे इलाके में शोक की लहर फैल गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि सलीम मेहनती और ईमानदार युवक था। उसकी अचानक हुई मौत से सब हैरान हैं।
फिलहाल आत्महत्या की वजह साफ नहीं है। पुलिस पारिवारिक और सामाजिक पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।





