Fake reporter: फर्जी रिपोर्टर बनकर कर रहे थे उगाही, 3 आरोपी गिरफ्तार

Fake reporter: बिलासपुर। बिल्हा पुलिस ने खुद को क्राइम रिपोर्टर बताकर ईंट भट्ठा संचालकों और ट्रैक्टर चालकों से जबरन पैसे वसूलने वाले तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। एक कार पर ‘क्राइम रिपोर्टर’ की प्लेट लगाकर ये लोग बिल्हा क्षेत्र में सक्रिय थे और एनओसी नहीं होने की बात कहकर 27 हजार रुपए की मांग कर रहे थे। बिल्हा के एक ईंट भट्ठा संचालक ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 1 जून को दोपहर में तीन लोग उसकी भट्ठी पर पहुंचे और पैसे नहीं देने पर मीडिया में अवैध भट्ठा संचालन की खबर छापने की धमकी दी।
पीड़ित ने डर के चलते 1500 रुपए दे दिए। जानकारी के अनुसार, इन्हीं लोगों ने मंगला गांव में अन्य भट्ठा संचालकों और ट्रैक्टर चालकों से भी इसी तरह पैसे मांगे। पुलिस ने इन्हें मंगला क्षेत्र में घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में आरोप स्वीकार किए गए। इनके पास से 1500 रुपए नकद और ‘क्राइम रिपोर्टर’ लिखा वाहन बरामद हुआ है। तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया पूरी की गई।





