राजनांदगांव: समाधान शिविर में हंगामा, पूर्व विधायक छत्री साहू ने सड़क निर्माण को लेकर जताया विरोध

राजनांदगांव जिले के छुरिया ब्लॉक में आयोजित समाधान शिविर में सोमवार को बड़ा हंगामा हो गया। पूर्व विधायक छत्री साहू अपने हाथ में मांगों की तख्ती लेकर शिविर में पहुंचीं और जोब से मरकाकसा तक की सड़क नहीं बनने को लेकर प्रदर्शन किया।
उन्होंने बताया कि इस सड़क के लिए कांग्रेस सरकार में सवा करोड़ रुपये मंजूर हुए थे, भूमिपूजन भी हो चुका था, लेकिन सरकार बदलने के बाद अब तक काम शुरू नहीं हुआ है।
प्रदर्शन के दौरान अधिकारियों ने उन्हें जेल भेजने की धमकी दे दी, जिससे नाराज होकर छत्री साहू ने अफसरों और बीजेपी नेताओं को चूड़ियां पहनने तक की बात कह दी। इसका एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें वह अपनी चूड़ियां उतारकर देती नजर आ रही हैं।
बाद में जिला भाजपा महामंत्री रविंद्र वैष्णव ने हाथ जोड़कर उनसे चूड़ियां वापस पहनने का अनुरोध किया।
शिविर के दौरान माहौल उस वक्त और ज्यादा गर्म हो गया जब बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस सरकार पर घोटालों के आरोप लगाए।
इस पर जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव ने छत्री साहू से सवाल किया कि जब वे खुद पांच साल तक विधायक थीं, तो उन्होंने तब यह सड़क क्यों नहीं बनवाई।
मौके पर एसडीएम श्रीकांत कोराम, तहसीलदार विजय कोठारी, नायब तहसीलदार विजय साहू, और छुरिया थानेदार संतोष भूआर्य समेत कई अधिकारी मौजूद थे।
यह घटनाक्रम सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।





