General Assembly: हर 2 महीने में होगी निगम के सामान्य सभा की बैठक, 15 जून को फिर से होगी सामान्य सभा

General Assembly: बिलासपुर। बिलासपुर नगर निगम में सामान्य सभा की व्यवस्था एक बार फिर पटरी पर लौटती नजर आ रही है। पहले जहां हर दो महीने में सामान्य सभा आयोजित करने की परंपरा थी, वहीं बीते कुछ समय से यह प्रक्रिया ठप पड़ी हुई थी। लेकिन नई सरकार के गठन के बाद इस व्यवस्था को फिर से सख्ती से लागू किया जा रहा है। इसी क्रम में अप्रैल माह में सामान्य सभा का आयोजन किया गया था। अब जून में दोबारा सभा कराने की तैयारी शुरू हो गई है।
नगर निगम सभापति विनोद सोनी ने आयुक्त को 30 मई को पत्र लिखने का निर्णय लिया है, जिसमें वे 15 जून को सामान्य सभा आयोजित करने का आग्रह करेंगे। यह पहल इसलिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि इससे पार्षदों को अपने-अपने वार्डों की समस्याओं को उठाने का मंच मिलेगा। साथ ही, इन समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कार्रवाई भी संभव हो सकेगी।फिलहाल इस पहल की शुरुआत सकारात्मक मानी जा रही है, और यदि यह सिलसिला पूरे पांच वर्षों तक निरंतर चलता रहा, तो यह पार्षदों और आमजन दोनों के लिए एक बड़ी सुविधा साबित हो सकती है।





