Railway Initiatives: रेलवे प्रबंधन ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर की अनूठी पहल, बॉडी वार्न कैमरों से होगी निगरानी

Railway Initiatives: बिलासपुर। बिलासपुर मंडल रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा और पारदर्शिता को नई ऊँचाई देने की दिशा में एक अभिनव कदम उठाया है। अब मंडल के 50 टिकट चेकिंग कर्मचारियों को बॉडी वार्न कैमरे प्रदान किए गए हैं, जिससे टिकट जांच के हर पल की वीडियो रिकॉर्डिंग संभव हो सकेगी।

इस तकनीकी पहल की शुरुआत वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) अनुराग कुमार सिंह की अगुवाई में हुई, जिन्होंने इन कैमरों का वितरण किया और कर्मचारियों को इनके उपयोग से संबंधित दिशा-निर्देश भी दिए। ये कैमरे दो तरफा रिकॉर्डिंग की क्षमता रखते हैं, जिससे सामने और पहनने वाले की गतिविधियाँ स्पष्ट रूप से दर्ज होती हैं।

रेलवे अधिकारियों अनुराग सिंह का कहना है कि इस कदम से न केवल टिकट जांच प्रक्रिया अधिक पारदर्शी होगी, बल्कि यात्रियों और रेलवे स्टाफ के बीच विश्वास भी मजबूत होगा। किसी भी तरह के विवाद की स्थिति में रिकॉर्डेड फुटेज एक निर्णायक साक्ष्य के रूप में उपयोग की जा सकेगी। फिलहाल यह योजना ट्रायल आधार पर शुरू की गई है, लेकिन इसके सकारात्मक परिणामों को देखते हुए इसे भविष्य में व्यापक रूप से लागू करने की योजना है।

तकनीक के इस प्रभावी उपयोग से यह स्पष्ट है कि रेलवे अब केवल परिवहन सेवा नहीं, बल्कि सुरक्षा और उत्तरदायित्व का भी प्रतीक बनता जा रहा है। बिलासपुर मंडल की यह पहल न केवल सराहना के योग्य है, बल्कि देशभर के अन्य मंडलों के लिए एक उदाहरण भी पेश करती है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button