चाकूबाज़ों का आतंक, ऑपरेशन ‘प्रहार’ में तीन आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। शहर में आम नागरिकों को चाकू दिखाकर डराने और असामाजिक गतिविधियों में लिप्त युवकों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई जारी है। सिटी कोतवाली पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत तीन अलग-अलग इलाकों से अवैध हथियार लेकर घूम रहे युवकों को गिरफ्तार किया है। ये सभी आरोपी धारदार चाकू लेकर राहगीरों को डराने और अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने सभी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पहली गिरफ्तारी: डिपरापारा क्षेत्र से
पुलिस ने पहली कार्रवाई डिपरापारा क्षेत्र में की, जहां
नामक युवक को चाकू लहराते हुए लोगों को डराते देखा गया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जगमल चौक से आरोपी को पकड़ लिया और उसके कब्जे से एक धारदार स्टील चाकू बरामद किया गया। आरोपी पर धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
दूसरी गिरफ्तारी: दयालबंद इलाके से

दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी दयालबंद इलाके से की गई। सतीश उर्फ छोटू उर्फ मंगल गोड को रानी लक्ष्मीबाई स्कूल के पीछे संदिग्ध अवस्था में घूमते हुए पकड़ा गया। उसके पास से भी एक नुकीला चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को तत्काल हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की।
तीसरी गिरफ्तारी: मधुबन रोड से

तीसरे आरोपी राजा उर्फ अप्पू गोड को पुलिस ने मधुबन रोड, दयालबंद क्षेत्र से गिरफ्तार किया। यह आरोपी गुरुनानक स्कूल के पास स्थित दुर्गा मंदिर का निवासी है और इसके पास से भी एक खतरनाक स्टील चाकू बरामद किया गया।
इन तीनों मामलों में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी विवेक कुमार पांडेय के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की, जिससे शहर में अवैध हथियार रखने वालों में खलबली मच गई है।





