रायपुर: कांग्रेस ने निकाली तिरंगा यात्रा, ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर किया सम्मान

रायपुर। भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान के खिलाफ किए गए ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद पूरे देश में शौर्य और राष्ट्रभक्ति की लहर है। इसी कड़ी में कांग्रेस पार्टी ने राजधानी रायपुर में तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा की शुरुआत कालीबाड़ी स्थित इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर फूल चढ़ाकर की गई, जहां कार्यकर्ताओं ने इंदिरा गांधी के सम्मान में श्रद्धांजलि अर्पित की।
यह तिरंगा यात्रा इंदिरा गांधी चौक (कालीबाड़ी) से शुरू होकर कोतवाली चौक, मालवीय रोड होते हुए जयस्तंभ चौक तक जाएगी। इस यात्रा में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत समेत कई अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
कांग्रेस ने सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और नागरिकों से अपील की है कि वे इस यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इसे सफल बनाएं। तिरंगा यात्रा के जरिए कांग्रेस सेना के साहस और बलिदान को सम्मान देने का संदेश दे रही है। कांग्रेस ने इसे सिर्फ एक राजनीतिक गतिविधि नहीं, बल्कि सेना के पराक्रम को सलाम करने का प्रतीक बताया है।
“ऑपरेशन सिंदूर” के बाद राष्ट्रवाद की भावना पूरे देश में और तेज हो गई है, और कांग्रेस का कहना है कि रायपुर में यह यात्रा उसी जोश और उत्साह का प्रतीक है।





