IPL खिलाड़ी पर जोधपुर की युवती ने लगाया गंभीर आरोप, वडोदरा से हुई गिरफ्तारी

नई दिल्ली |
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2025) अपने रोमांचक दौर में है, लेकिन इसी बीच मुंबई इंडियंस के पूर्व खिलाड़ी और घरेलू क्रिकेटर शिवालिक शर्मा एक गंभीर विवाद में घिर गए हैं। जोधपुर की एक युवती ने उन पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और फिर विवाह से इंकार करने का आरोप लगाया है।

इंस्टाग्राम से शुरू हुई कहानी, कोर्ट में पहुंचा मामला
पीड़िता के मुताबिक, उनकी और शिवालिक शर्मा की पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। जल्द ही यह दोस्ती प्रेम-प्रसंग में बदल गई और शिवालिक कई बार जोधपुर भी आए। युवती ने दावा किया कि दोनों ने सगाई भी कर ली थी और लगभग एक साल तक साथ रहे। लेकिन जब बात शादी तक पहुंची, तो शिवालिक के परिवार ने रिश्ते से साफ इंकार कर दिया।

जोधपुर में दर्ज हुआ केस, वडोदरा से हुई गिरफ्तारी
शादी से इनकार के बाद युवती ने जोधपुर के कुड़ी थाना में शिवालिक शर्मा और उनके परिजनों के खिलाफ धोखाधड़ी, विश्वासघात और मानसिक शोषण के आरोपों में केस दर्ज कराया। इसके बाद जोधपुर पुलिस ने शनिवार को वडोदरा के अटलादरा थाना क्षेत्र से शिवालिक को गिरफ्तार किया। उन्हें जोधपुर लाकर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

शिवालिक शर्मा का IPL और घरेलू क्रिकेट सफर
शिवालिक शर्मा को IPL 2024 में मुंबई इंडियंस ने 20 लाख रुपये में खरीदा था, लेकिन उन्हें पूरे सीजन में एक भी मुकाबला खेलने का मौका नहीं मिला। IPL 2025 की नीलामी में किसी भी टीम ने उन्हें नहीं चुना।

घरेलू क्रिकेट में वह बड़ौदा टीम के लिए खेलते हैं और अब तक:
18 फर्स्ट क्लास मैचों में 1087 रन बनाए हैं, जिसमें 3 शतक और 5 अर्धशतक शामिल हैं।
13 लिस्ट-A मैचों में 322 रन और
19 टी20 मैचों में 349 रन उनके नाम हैं।

शिवालिक ने अपना आखिरी मुकाबला जनवरी 2025 में रणजी ट्रॉफी के तहत जम्मू-कश्मीर के खिलाफ खेला, जिसमें उन्होंने 64 और 18 रनों की दो पारियां खेलीं।

कानूनी प्रक्रिया जारी, क्रिकेट करियर पर संकट

विवाद में फंसने के बाद शिवालिक शर्मा का क्रिकेट करियर भी अब अनिश्चितता के दौर में है। कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ यह देखना दिलचस्प होगा कि क्रिकेट बोर्ड और संबंधित टीमें इस मामले पर क्या रुख अपनाती हैं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button