Collector Public Darshan: कलेक्टर ने जनदर्शन लगाकर सुनी फरियादियों की समस्या, संबंधित अधिकारियों को निराकरण करने दिए निर्देश

Collector Public Darshan: बिलासपुर। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने आज टीएल की बैठक में सुशासन तिहार में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की प्रगति की समीक्षा की। कलेक्टर ने बताया कि सुशासन तिहार का उद्देश्य आमजनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान, शासकीय योजनाओं की समीक्षा और निगरानी, विकास कार्यों में तेजी लाना, और जनता, जनप्रतिनिधियों व सामाजिक संगठनों के साथ सीधा संवाद स्थापित करना है।
उन्होंने भीषण गर्मी और गिरते भू-जल स्तर को गंभीर चिंता का विषय बताया। उन्होंने अफसरों को निर्देशित किया कि जल संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाए। वाटर रिचार्जिंग और रेनवाटर हार्वेस्टिंग को बढ़ावा दिया जाए ताकि आने वाले समय में पानी की समस्या से बचा जा सके। उन्होंने पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने और पानी के दुरुपयोग को रोकने की अपील भी की।
इसके साथ ही कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने आज साप्ताहिक जनदर्शन में दूर-दराज से आये लोगों की समस्याएं सुनी। कलेक्टर ने सभी की समस्याओं को इत्मीनान से सुना और निराकरण योग्य आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवेदन भेजते हुए जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए।





