SHARE MARKET : UPPCL के साथ अडानी का समझौता, शेयर बाजार में दिखेगा असर

नई दिल्ली। अडानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (AGEL) का स्टॉक सोमवार को शेयर बाजार में चर्चा में रहने का अनुमान है। इसकी एक यूनिट, अडानी ग्रीन एनर्जी सिक्सटी नाइन लिमिटेड ने उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPPCL) के साथ 400 मेगावाट सोलर एनर्जी की सप्लाई के लिए समझौता किया है। यह बिजली राजस्थान में कंपनी की सोलर परियोजना से सप्लाई की जाएगी। यह बिजली खरीदी के लिए समझौता (PPA) शनिवार को साइन किया गया है।
बीते शुक्रवार को अडानी ग्रीन एनर्जी का शेयर 905.05 रुपये पर बंद हुआ था। हालांकि, इस साल अब तक इसके शेयरों में करीब 14 फीसदी की गिरावट आई है। पिछले छह महीनों में इसमें 45% तक गिरावट दर्ज की गई है। इसके बावजूद पिछले पांच सालों में इस शेयर ने 350% तक का बंपर रिटर्न दिया है।
कंपनी की यह डील उसकी सब्सिडियरी की एक और सब्सिडियरी, अडानी ग्रीन एनर्जी सिक्सटी नाइन के जरिए की गई है। यह राजस्थान में ग्रिड से जुड़ी सौर पीवी (Photo Voltaic) परियोजना से सौर ऊर्जा यूपी के सप्लाई करेगी। इस कदम से कंपनी की स्थायी ऊर्जा के क्षेत्र में पकड़ और ज्यादा मजबूत होगी।
हाल ही में अडानी ग्रीन एनर्जी ने मार्च तिमाही के नतीजे भी जारी किए हैं। इस दौरान कंपनी का शुद्ध लाभ 25.54% बढ़कर 383 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल इसी तिमाही में 310 करोड़ रुपये था। कंपनी की कुल आय 2,841 करोड़ रुपये से बढ़कर 3,278 करोड़ रुपये हो गई है।





