Storm havoc: तेज आंधी ने मचाई तबाही, पेड़ गिरने से महिला गंभीर रूप से घायल

Storm havoc: बिलासपुर। बिलासपुर में शनिवार को आई तेज आंधी-तूफान ने शहर में भारी तबाही मचाई। कई स्थानों पर मकानों को नुकसान पहुंचा, पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए। इसी दौरान सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के ग्राम पोनी में एक दर्दनाक हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। तेज हवाओं के बीच पेड़ गिरने से महिला बुरी तरह जख्मी हो गई, जिन्हें इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ग्राम पोनी निवासी सुनीता धुरी शनिवार को किसी काम से घर से बाहर निकली थीं। तभी तेज आंधी के बीच एक भारी पेड़ उनके ऊपर आ गिरा। पेड़ गिरते ही सुनीता लहूलुहान होकर मौके पर ही बेहोश हो गईं। परिजन तुरंत उन्हें सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत को गंभीर बताया है और इलाज जारी है।
तूफान से शहर के कई हिस्सों में नुकसान हुआ है। छप्पर उड़ने, पेड़ गिरने और वाहनों के क्षतिग्रस्त होने की खबरें सामने आई हैं। सुनीता के परिजन सदमे में हैं और प्रशासन से मदद की उम्मीद कर रहे हैं।





