छत्तीसगढ़ में तेज आंधी, बारिश और ओले गिरने से मौसम बदला, फसलों को नुकसान

रायपुर। मई की शुरुआत में छत्तीसगढ़ में मौसम अचानक बदल गया है। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) की वजह से कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओले गिरने का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले तीन दिन यानी 6 मई तक कुछ इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
शनिवार को रायपुर, बिलासपुर, अंबिकापुर सहित कई जगहों पर तेज हवा और हल्की बारिश हुई। वहीं गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में ओले भी गिरे। इस बदलाव के कारण तापमान में 4 से 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।
बीते 24 घंटे में आई इस आंधी-बारिश का असर रबी की फसल, सब्जियों और खासकर फलों पर पड़ा है। भिलाई में पपीता, केला और चीकू की लगभग 500 एकड़ फसल बर्बाद हो गई है।
तेज हवा से कई जगह बिजली के खंभे और तार टूट गए, जिससे रायपुर, भिलाई समेत कई जिलों में बिजली सप्लाई बाधित हुई। बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पावर कंपनी की टीम लगातार काम कर रही है। शुक्रवार शाम तक 80% बिजली व्यवस्था ठीक कर दी गई थी, बाकी 20% पर रात भर काम चलता रहा।





