चोरी के शक महिला से पुलिसकर्मियों ने चौकी में की मारपीट, अफसरों से पीड़िता ने की शिकायत

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले में एक आदिवासी महिला के साथ पुलिस द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। कमलपुर निवासी मनिहारु सिंग नाम की महिला पर चोरी का शक जताकर पुलिस ने उसे पुलिस चौकी में बेरहमी से पीटा। यह घटना तब हुई जब महिला अपने पति का इलाज कराने के लिए होली क्रॉस अस्पताल गई थी।
जानकारी के अनुसार, अस्पताल परिसर में किसी चीज की चोरी की सूचना मिली थी। शक के आधार पर महिला को होली क्रॉस पुलिस चौकी ले जाया गया, जहां चौकी प्रभारी और दो महिला आरक्षकों ने उसे पीटा। पीड़िता ने बताया कि उसके साथ बेहद अमानवीय व्यवहार किया गया और जब उसके पास से कोई चोरी की रकम नहीं मिली, तब जाकर उसे छोड़ दिया गया। पिटाई से महिला के शरीर पर गंभीर चोट के निशान हैं और वह बुरी तरह घायल है। यह मामला सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए जा रहे हैं। महिला ने वरिष्ठ अधिकारियों से पूरे मामले की शिकायत की है। अफसरों ने मामले में जांच कराने और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।





