पोस्टमार्टम के बदले पैसे मांगने वाला अस्पताल कर्मचारी सस्पेंड

मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर: सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के नाम पर पैसे मांगने वाले कर्मचारी को सस्पेंड कर दिया गया है। यह मामला मनेन्द्रगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का है, जहां मृतक अमृत लाल साहू के पोस्टमार्टम के लिए स्वच्छक श्याम कुमार ने परिजनों से रुपये मांगे थे।
परिजनों ने इसकी शिकायत कलेक्टर से की थी, साथ ही यह खबर कई न्यूज चैनलों पर भी चली। इसके बाद कलेक्टर डी. राहुल वेंकट ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) को जांच के निर्देश दिए। जांच के बाद आरोपी कर्मचारी को दोषी पाया गया और उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
श्याम कुमार का निलंबन सिविल सेवा नियम 1966 के तहत किया गया है। निलंबन के दौरान उनका मुख्यालय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बंजी, जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में रखा गया है। इस अवधि में उन्हें नियमों के अनुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।
प्रशासन की चेतावनी:
सरकारी सेवाओं में भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि किसी भी कर्मचारी द्वारा इस तरह की हरकत की जाती है, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।





