रतनपुर अस्पताल में बदइंतज़ामी से मरीज परेशान, परिजनों ने किया हंगामा

रतनपुर। बिलासपुर जिले के रतनपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। यहां इलाज के लिए आई एक महिला मरीज को स्ट्रेचर तक नहीं मिला, जिसके कारण परिजन उसे गोद में उठाकर अस्पताल तक लाए। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों की गैरमौजूदगी से नाराज़ परिजनों ने हंगामा किया और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग की।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल की आपातकालीन सेवाएं लंबे समय से अस्त-व्यस्त हैं। एक डॉक्टर के इस्तीफे के बाद से यहां स्टाफ की भारी कमी है। इससे मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा है, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है।

अध्यक्ष ने लिया मौके का जायज़ा

हंगामे की सूचना मिलते ही रतनपुर नगर पालिका अध्यक्ष लवकुश कश्यप मौके पर पहुंचे और अस्पताल की स्थिति का जायज़ा लिया। उन्होंने भी माना कि डॉक्टरों की संख्या बेहद कम है और जल्द सुधार जरूरी है।

इस दौरान ब्लड प्रेशर से पीड़ित महिला मरीज को घंटों इंतज़ार करना पड़ा, जिससे उसकी हालत और बिगड़ गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल की ऐसी स्थिति ने क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने मांग की है कि जल्द से जल्द डॉक्टरों की नियुक्ति की जाए और मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त की जाएं, ताकि मरीजों को राहत मिल सके।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button