फर्जी डॉक्टर नरेंद्र जॉन मामले में कांग्रेस का बड़ा एक्शन: अपोलो अस्पताल से मांगा जवाब

बिलासपुर में फर्जी डॉक्टर नरेंद्र जॉन के मामले ने तूल पकड़ लिया है। कांग्रेस इस मामले को लेकर अब सख्त रवैया अपना चुकी है। सोमवार को कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल अपोलो अस्पताल पहुंचा और अस्पताल प्रबंधन से डॉक्टर नरेंद्र जॉन की नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर जानकारी मांगी।
अस्पताल पहुंचा कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल
कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी, तखतपुर विधायक दिलीप लहरिया, पूर्व विधायक सियाराम कौशिक, रश्मि सिंह और अन्य नेताओं ने अस्पताल प्रबंधन से मुलाकात की। उन्होंने नरेंद्र जॉन की नियुक्ति से जुड़ी पूरी प्रक्रिया, दस्तावेजों और योग्यता की जानकारी मांगी।
राजेंद्र शुक्ल की सर्जरी कर चुका है फर्जी डॉक्टर
बताया जा रहा है कि डॉक्टर नरेंद्र जॉन ने राज्य के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष स्व. राजेंद्र प्रसाद शुक्ल की सर्जरी की थी। कुछ समय बाद ही शुक्ल जी का निधन हो गया था। अब जब यह सामने आया है कि डॉक्टर नरेंद्र जॉन फर्जी था, तो इस पूरे मामले पर गंभीर सवाल उठ खड़े हुए हैं।
जवाबदेही तय करने की मांग
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने अपोलो अस्पताल प्रबंधन से इस मामले में पूरी पारदर्शिता बरतने और जवाबदेही तय करने की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह के मामले से न सिर्फ मरीजों की जान खतरे में पड़ती है, बल्कि लोगों का भरोसा भी डगमगाता है। कांग्रेस नेताओं ने पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।





