कन्या पूजन के दिन हैवान बना सगा चाचा 6 साल की बच्ची से रेप और हत्या, दुर्ग में पसरा मातम

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। रविवार को मोहन नगर थाना क्षेत्र में एक 6 साल की मासूम बच्ची के साथ रेप और हत्या की वारदात हुई। यह घटना उस दिन हुई जब पूरे देश में नवरात्रि के अवसर पर कन्या पूजन हो रहा था। बच्ची भी घर से कन्या भोज के लिए निकली थी, लेकिन वह वापस नहीं लौटी।
कुछ ही समय बाद बच्ची की लाश उसके घर के पास ही एक सुनसान जगह पर मिली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रेप की पुष्टि हुई और बच्ची के शरीर पर सिगरेट से जलाने के निशान भी मिले। पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और पांच लोगों को हिरासत में लिया। पूछताछ में यह सामने आया कि इस घिनौनी वारदात को अंजाम देने वाला और कोई नहीं, बल्कि बच्ची का सगा चाचा ही निकला। आरोपी वारदात के बाद रायपुर भाग गया था, जिसे पुलिस ने पकड़ लिया है।
मां की चीखें और मोहल्ले का मातम
इस घटना के बाद पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है। सबसे दर्दनाक पल वह था जब मां अपनी मासूम बच्ची के शव को गोद में लेकर इंसाफ की मांग कर रही थी। लोग सड़कों पर उतर आए, नेताओं के बयान आने लगे और सख्त कार्रवाई के वादे भी हुए। लेकिन सवाल अब यह है कि क्या बच्चियों की सुरक्षा सिर्फ त्योहारों तक ही सीमित रह गई है? क्या समाज में अब अपनों से ही डरने का समय आ गया है?
ये घटना सिर्फ एक अपराध नहीं, बल्कि पूरे समाज की सोच को झकझोरने वाली है।





