कुणाल कामरा को मुंबई पुलिस ने भेजा समन

मुंबई:कॉमेडियन कुणाल कामरा की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। मुंबई पुलिस ने उनके स्टैंड-अप शो में किए गए मजाक को लेकर समन जारी किया है। यह समन खार पुलिस ने जारी किया, जिसमें कामरा को आज सुबह 11 बजे पेश होने के लिए कहा गया है। हालांकि, कामरा फिलहाल मुंबई में नहीं हैं और तमिलनाडु में मौजूद हैं।

जोक पर बवाल और एफआईआर

कुणाल कामरा के हालिया स्टैंड-अप शो में महाराष्ट्र की राजनीति पर किए गए व्यंग्य से एकनाथ शिंदे के समर्थक भड़क गए। उन्होंने इस पर आपत्ति जताते हुए एफआईआर दर्ज करवाई। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस मामले में पहले MIDC पुलिस ने शिकायत दर्ज की थी, जिसे अब खार पुलिस को सौंपा गया है।

शिंदे समर्थकों ने इस मुद्दे को लेकर नाराजगी जाहिर की और रविवार को उस जगह पर तोड़फोड़ की, जहां यह शो शूट किया गया था। इसके बाद पुलिस ने यूनिकॉन्टिनेंटल द हैबिटेट में हिंसा करने के आरोप में शिवसेना के नेता राहुल कनाल और विभाग प्रमुख श्रीकांत सरमालकर समेत अन्य लोगों को हिरासत में लिया।

कामरा का बयान

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुणाल कामरा ने साफ किया है कि वह अपने कटाक्ष के लिए माफी नहीं मांगेंगे, लेकिन कानून का पालन करेंगे। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह जांच में सहयोग करने के लिए तैयार हैं, लेकिन फिलहाल मुंबई में मौजूद नहीं हैं।

क्या था जोक?

अपने शो के दौरान कामरा ने महाराष्ट्र की राजनीति और वहां हुए दल-बदल पर कटाक्ष किया था। उन्होंने शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के अलग हुए गुटों का जिक्र करते हुए ‘गद्दार’ शब्द का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा, “पहले शिवसेना बीजेपी से बाहर आ गई, फिर शिवसेना शिवसेना से बाहर आ गई… एनसीपी एनसीपी से बाहर आ गई… एक वोटर को 9 बटन दे दिए, सब कन्फ्यूज हो गए। चालू एक जन ने किया था… वो मुंबई में बहुत बढ़िया एक जिला है, ठाणे वहां से आते हैं।”

आगे की कार्रवाई

कामरा को पुलिस ने वॉट्सऐप के जरिए समन भेजा है। वह मुंबई लौटने के बाद पुलिस के सामने पेश होंगे। फिलहाल, इस मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है और महाराष्ट्र में तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button