Visa Restrictions:पाकिस्तानियों को अमेरिका में नहीं मिलेगी एंट्री! ट्रंप तैयार कर रहे 41 देशों की यात्रा प्रतिबंध की लिस्ट

Visa Restrictions:अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने फैसलों से पूरी दुनिया को चौंका रहे हैं। ताजा मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ट्रंप 41 देशों पर यात्रा प्रतिबंध लगाने की योजना बना रहे हैं। इस सूची में पाकिस्तान, अफगानिस्तान, ईरान और उत्तर कोरिया जैसे देशों को शामिल किया जा सकता है। यह कदम राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से उठाया जा सकता है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, इन देशों को तीन समूहों में बांटा गया है। पहले समूह में उन देशों को शामिल किया गया है जिन पर पूरी तरह से यात्रा प्रतिबंध लगाया जाएगा। इसमें अफगानिस्तान, ईरान, सीरिया, क्यूबा, और उत्तर कोरिया जैसे देशों के नागरिकों को वीजा देने पर रोक लगाई जाएगी। दूसरे समूह में वे देश हैं जिनके नागरिकों के वीजा पर आंशिक प्रतिबंध होगा, जैसे इरिट्रिया, हैती, और म्यांमार। तीसरे समूह में पाकिस्तान और बेलारूस जैसे देशों को रखा गया है, जिन पर आंशिक प्रतिबंध हो सकता है, लेकिन उन्हें 60 दिनों के भीतर सुरक्षा संबंधी सुधार करने का अवसर भी दिया जाएगा।
यह फैसला अफगानिस्तान में तालिबान के कब्जे के बाद, वहां से शरण लेने वाले लोगों के लिए एक बड़ा झटका हो सकता है। इसके अलावा, पाकिस्तान और अफगानिस्तान जैसे देशों के नागरिकों को अमेरिका में प्रवेश करना और भी कठिन हो सकता है।
इस कदम के लिए ट्रंप पहले ही कार्यकारी आदेश जारी कर चुके हैं, जिसमें विदेशी नागरिकों की सुरक्षा जांच को और सख्त करने का निर्देश दिया गया था। 21 मार्च तक इन देशों की लिस्ट तैयार कर प्रशासन को सौंपने का आदेश भी दिया गया था।
इस सूची में बदलाव संभव है, जिससे कुछ देशों को जोड़ा या हटाया जा सकता है, और यह सूची प्रशासन की मंजूरी के बाद सार्वजनिक की जाएगी।





