पुणे में महिला द्वारा अवैध अफीम की खेती, 66 पौधे जब्त

पुणे:महाराष्ट्र के पुणे जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला को सड़क किनारे अवैध रूप से अफीम की खेती करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह मामला आलंदी म्हातोबा गांव का है, जहां पुलिस को सूचना मिली थी कि एक महिला बिना किसी सरकारी अनुमति के नशीले पदार्थ की खेती कर रही है। इस जानकारी के आधार पर लोनी कालभोर पुलिस ने छापा मारा और 66 अफीम के पौधे जब्त किए।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार महिला की उम्र 45 वर्ष है और वह आलंदी म्हातोबा की रहने वाली है। पुलिस ने उसके खिलाफ नशीले पदार्थों की अवैध खेती का मामला दर्ज कर लिया है। इससे पहले भी इस इलाके में अफीम उत्पादन से जुड़े दो मामले दर्ज किए जा चुके हैं।
अफीम की खेती के लिए जरूरी है सरकारी लाइसेंस
भारत में अफीम की खेती करना अवैध नहीं है, लेकिन इसके लिए सरकार से विशेष लाइसेंस लेना अनिवार्य होता है। सरकार इसे नियंत्रित तरीके से औषधीय उपयोग के लिए अनुमति देती है। अफीम का इस्तेमाल कई महत्वपूर्ण दवाइयों के निर्माण में किया जाता है, लेकिन इसका नशे के रूप में दुरुपयोग होने की आशंका रहती है। यही कारण है कि बिना लाइसेंस इसकी खेती करना कानूनी अपराध माना जाता है और इसके लिए कड़ी सजा का प्रावधान है।
पुलिस इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि महिला को इस खेती के लिए बीज और अन्य संसाधन कहां से मिले। पुणे पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अगर उन्हें कहीं भी ऐसी अवैध खेती के बारे में जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें ताकि इस तरह के मामलों पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।





