Mahamaya : नगोई का आदिशक्ति महामाया धाम: 12वीं शताब्दी का प्राचीन मंदिर, आज भी आस्था का केंद्र

नगोई, बिलासपुर –
Mahamaya : बिलासपुर नगर की गोद में बसा ऐतिहासिक ग्राम नगोई अपने गर्भ में अध्यात्म और इतिहास के कई रहस्यों को समेटे हुए है। यह गांव अपने मंदिरों, तालाबों और प्राचीन अवशेषों से सुसज्जित है, जो न केवल इस क्षेत्र की प्राचीनता को दर्शाते हैं बल्कि इसकी अस्मिता की कई कहानियाँ भी बुजुर्गों से सुनने को मिलती हैं।
इन धरोहरों में से एक है आदिशक्ति माँ महामाया का प्राचीन मंदिर, जो न केवल धार्मिक दृष्टि से बल्कि ऐतिहासिक महत्व के लिहाज से भी अत्यधिक महत्वपूर्ण है।
आदिशक्ति महामाया धाम का गौरवशाली इतिहास
बिलासपुर से लगभग 7 किलोमीटर और रतनपुर से 14 किलोमीटर की दूरी पर स्थित नगोई गाँव में आदिशक्ति माँ महामाया का मंदिर है, जो 12वीं शताब्दी में स्थापित हुआ था। मंदिर का निर्माण रतनपुर राज्य के विद्वान आचार्य श्री तेजनाथ के पुत्र स्व. श्री सीताराम शास्त्री ने रतनपुर के राजा के सहयोग से कराया था।
प्रमाणित तथ्यों के अनुसार, नगोई गाँव कभी रतनपुर राज्य की उप-राजधानी हुआ करता था और यहाँ का यह मंदिर उस समय के वैभव और शक्ति का प्रतीक है। लोग बताते हैं कि रतनपुर के राजा ने यहाँ एक भव्य महल का भी निर्माण कराया था, जिसका अवशेष आज भी खुदाई के दौरान प्राप्त होते हैं।
मंदिर की स्थापत्य कला और धार्मिक महत्व
आदिशक्ति माँ महामाया का यह मंदिर अपनी अद्भुत स्थापत्य कला और धार्मिक महत्व के कारण श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन चुका है। नवरात्रि और अन्य प्रमुख त्योहारों के दौरान यहाँ भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है, जो माँ महामाया के दर्शन और आशीर्वाद के लिए दूर-दूर से आते हैं।
यह मंदिर न केवल अपनी धार्मिक आस्था के लिए प्रसिद्ध है, बल्कि इस स्थान के ऐतिहासिक अवशेष और यहाँ की शांति भी पर्यटकों को आकर्षित करती है। नगोई गाँव का आदिशक्ति महामाया धाम आज भी श्रद्धा और आस्था का प्रतीक बना हुआ है, जो लोगों को अपने गौरवशाली इतिहास और अध्यात्मिक महिमा से जोड़ता है।





