रायपुर में कांग्रेस का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर, संगठन को मजबूत करने देंगे राहुल गांधी के टिप्स

छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों के लिए 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने का फैसला किया है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 21 जून से 30 जून तक रायपुर में आयोजित होगा, जिसमें कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी एक दिन शामिल होकर नेताओं का मार्गदर्शन करेंगे।

21 जून से शुरू होगा प्रशिक्षण शिविर

संगठन सृजन अभियान के तहत नियुक्त जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों के लिए यह प्रशिक्षण शिविर रायपुर के चांदी मोड़ स्थित अग्नियोटम अलका अवतार मंगल भवन में आयोजित किया जाएगा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इस संबंध में पत्र जारी कर सभी जिला और शहर अध्यक्षों को शिविर में शामिल होने के निर्देश दिए हैं।

पत्र के अनुसार, सभी प्रतिभागियों को 21 जून को दोपहर 12 बजे तक प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचना होगा। कार्यक्रम में शामिल होने वाले पदाधिकारियों को औपचारिक निमंत्रण भी भेजा गया है।

राहुल गांधी देंगे संगठन मजबूती का मंत्र

प्रशिक्षण शिविर के दौरान राहुल गांधी किसी एक दिन कार्यक्रम में शामिल होंगे और संगठन को मजबूत करने, जनसंपर्क बढ़ाने तथा आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर नेताओं को दिशा-निर्देश देंगे। इससे पहले फरवरी 2026 में नई दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में भी नव नियुक्त अध्यक्षों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया था।

कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि नए पदाधिकारियों को पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक ढांचे और चुनावी रणनीति से परिचित कराना आवश्यक है, ताकि पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा सके।

वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति भी रहेगी अनिवार्य

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी, एआईसीसी सचिवों, प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस विधायक दल के नेता और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों को शिविर में अधिकतम समय देने के निर्देश दिए हैं। पत्र में वरिष्ठ नेताओं की कम से कम पांच दिनों तक उपस्थिति अनिवार्य बताई गई है, जिसमें शिविर के पहले दो और अंतिम दो दिन शामिल हैं।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, यह प्रशिक्षण शिविर आगामी नगरीय निकाय, पंचायत और 2028 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए आयोजित किया जा रहा है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button