Team India: टीम इंडिया की जीत पर राजधानी में जश्न का माहौल

रायपुर:
Team India: रविवार को दुबई में खेले गए भारत-पाकिस्तान के मैच में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 6 विकेट से हराकर चैम्पियंस ट्रॉफी में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 241 रन बनाए, जिसके जवाब में भारत ने 42.3 ओवर में 4 विकेट खोकर यह लक्ष्य हासिल कर लिया। इस ऐतिहासिक जीत के बाद रायपुर समेत पूरे प्रदेश में क्रिकेट प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई।
राजधानी रायपुर में जयस्तंभ चौक पर क्रिकेट प्रेमियों ने आतिशबाजी की और देर रात तक जश्न मनाया। इसके साथ ही बिलासपुर, दुर्ग और अन्य शहरों में भी तिरंगा झंडे के साथ लोग खुशी से झूमते नजर आए। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी टीम इंडिया की जीत पर बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “विराट विजय है। श्रेयस ने दिखाया शौर्य, गिल ने जीता दिल। टीम इंडिया ने भारत को गौरवान्वित किया है।”
इस उत्सव का असर रायपुर के मॉल्स और रेस्टोरेंट्स में भी देखने को मिला, जहां बड़ी स्क्रीन पर मैच की स्क्रीनिंग की गई। इसके लिए 450 से लेकर 900 रुपए तक के टिकट बिके। इसके अलावा सुभाष स्टेडियम में भी बड़ी स्क्रीन पर मैच का प्रसारण किया गया, जिससे क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह और भी बढ़ गया।





