Magh Purnima: महादेवघाट में दिखा आस्था का सैलाब

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के महादेवघाट पर माघ पूर्णिमा के पावन अवसर पर आज आस्था और श्रद्धा का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। सुबह से ही हजारों श्रद्धालु पवित्र खारुन नदी में स्नान कर रहे हैं। पूरे घाट पर जयकारों और मंत्रोच्चारण की गूंज सुनाई दे रही है, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया है।
शास्त्रों के अनुसार, माघ पूर्णिमा पर पवित्र नदियों में स्नान करने से पापों का नाश होता है और मोक्ष की प्राप्ति होती है। इसी विश्वास के साथ श्रद्धालु स्नान, पूजन और दान-पुण्य में लीन हैं। कई श्रद्धालु गंगा जल, तिल दान और हवन कर पुण्य अर्जित कर रहे हैं। महादेवघाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं। स्नान स्थल पर पुलिस बल तैनात है और नगर निगम की टीम साफ-सफाई और व्यवस्था बनाए रखने में जुटी है।
राजिम में कुंभ का आयोजन
राजधानी से 45 किमी दूर त्रिवेणी संगम राजिम में 15 दिनों तक कुंभ की धूम रहेगी। कुंभ में प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के अन्य हिस्सों से लोग आते हैं। इसके अलावा हर रोज शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। राजिम में आयोजन के दौरान पहला स्नान 16 फरवरी, दूसरा स्नान 23 फरवरी और तीसरा स्नान एक मार्च महाशिवरात्रि के दिन होगा।
माघी पूर्णिमा की तिथि
रायपुर के ज्योतिषाचार्य बताते है, कि कि माघ पूर्णिमा 16 फरवरी को है। स्थानीय पंचांग के अनुसार माघ पूर्णिमा तिथि 15 फरवरी को रात नौ बजकर 42 मिनट से शुरू होकर 16 फरवरी को रात में 10 बजकर 26 मिनट पर समाप्त होगी। इस दिन ही पूर्णिमा स्नान, दान और व्रत रखा जाएगा। इस वर्ष की माघी पूर्णिमा शोभन योग में है। पूर्णिमा को शोभन योग रात आठ बजकर 42 मिनट तक है। यह योग मांगलिक कार्यों के लिए शुभ माना जाता है।





