GST अफसर के बेटे ने की 36 लाख की ठगी, गिरफ्तार

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के कई जिलो में सेवा दे चुके नागपुर के एक जीएसटी ऑफिसर के बेटे ने बिटकॉइन ट्रेडिंग के नाम पर अपनी सीनियर से 36 लाख रुपये ठग लिए। आरोपी तनमय विनोद कोहड़ (28) ने पहले छोटे निवेश पर फायदा दिखाया, फिर बड़े रिटर्न का लालच देकर लाखों रुपये ले लिए। तय समय पर आरोपी ने पैसा नहीं दिया, तो पीड़िता ने पुलिस में शिकायत कर दी। पीड़ित की शिकायत पर दुर्ग पुलिस ने आरोपी को नागपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ शिकायत पीड़ित वैष्णवी नायर ने की है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया, कि वो पुणे में आईटी कंपनी में काम करती है। 2016 में इंजीनियरिंग के दौरान तनमय से दोस्ती की थी। 2019 में तनमय ने बिटकॉइन ट्रेडिंग का झांसा देकर वैष्णवी से 7800 रुपये का निवेश कराया। इसके बाद उसे 6500 रुपये का प्रॉफिट दिखाया, जिससे वह उसकी बातों में आ गई।
तनमय ने बड़े रिटर्न का लालच देकर 2020 से 2022 तक वैष्णवी से क्रमशः 73051 रुपये, 510362 रुपये और 30 लाख से ज्यादा रुपये निवेश कराए। जब वैष्णवी ने अपना रिटर्न मांगा, तो तनमय उसे घुमाने लगा, जिसके बाद उसने पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने आरोपी को नागपुर से गिरफ्तार किया। तनमय के पिता विनोद कोहड़, जो सेंट्रल जीएसटी डिपार्टमेंट में सुप्रींटेंडेंट हैं, पहले छत्तीसगढ़ के कई जिलों में पदस्थ रह चुके हैं।




