सीएम साय ने जेपी नड्डा से की मुलाकात, हरियाणा की तर्ज पर छ.ग. में 14 मंत्री संभव

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रात नौ बजे छत्तीसगढ़ भवन से राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निवास के लिए रवाना हुए। साढ़े नौ बजे दोनों की मुलाकात शुरू हुई। एक घंटे से ज्यादा दोनों की मुलाकात हुई। माना जा रहा है कि मुलाकात में दोनों के बीच छत्तीसगढ़ में मंत्रिमंडल विस्तार पर गंभीर मंथन हुआ। छत्तीसगढ़ में अभी मुख्यमंत्री समेत 11 मंत्री हैं। आमतौर पर 13 मंत्री बनाए जाने की परंपरा रही है।
लेकिन माना जा रहा है कि हरियाणा की तर्ज पर यहां भी 14 मंत्री की गुंजाइश तलाश की जा रही है। हरियाणा में भी छत्तीसगढ़ की तरह 90 विधायक हैं। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ जब नया राज्य बना था तो पहले मुख्यमंत्री अजीत जोगी और इसके बाद डॉ. रमन सिंह के मंत्रिमंडल में पहले 17 से 18 मंत्री होते थे, लेकिन मंत्रिमंडल में संख्या को जब केंद्र सरकार द्वारा 2003 में संविधान में संशोधन करके प्रतिशत में तय किया गया तो इसके बाद बड़े राज्यों के लिए विधायकों की संख्या का दस फीसदी और छोटे राज्यों के लिए 15 फीसदी तय किया गया है। इसके बाद से ही छत्तीसगढ़ में मंत्रिमंडल को 13 सदस्यों तक सीमित कर दिया गया है। जबकि जानकारों का कहना है कि छत्तीसगढ़ में 14 मंत्री हो सकते हैं।





