सीएम साय ने CG में इन्वेस्टमेंट करने उद्योगपतियों को दिया न्यौता…
-छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट मीट में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव
नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दिल्ली के छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट में शिरकत की, उन्होंने देश के बड़े उद्योगपतियों से सीधा संवाद किया। इस दौरान सीएम साय ने उद्योगपतियों को छत्तीसगढ़ की नई उद्योग नीति के बारे में बताया, साथ ही साथ प्रदेश में उद्योगों के लेकर बन रहे वातावरण के बारे में विस्तार से समझाया।
इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ में मौजूद प्राकृतिक संसाधनों का भी जिक्र किया। सीएम साय ने बताया कि चित्रकोट वाटर फॉल छत्तीसगढ़ की शान है। बस्तर के पहाड़ों में लौह अयस्क की प्रचुर मात्रा है। पहले से ही कई उद्योग प्रदेश में अपना विस्तार कर रहे हैं। नए उद्योगों के लिए भी छत्तीसगढ़ में कई सारे विकल्प मौजूद हैं। इनवेस्टर कनेक्ट मीट में सीएम साय ने सेमीकंडक्टर प्लांट लगाने को लेकर भी विस्तृत चर्चा की। सीएम साय ने आगे कहा कि, छत्तीसगढ़ की नई उद्योग नीति में निवेशकों को आकर्षित करने के लिए कई बातें हैं। सेंट्रलाइज आवेदन का प्रावधान है। अग्विवीर और आर्मी के रिटायर्ड लोगों के लिए इसमें कई प्रावधान हैं। बस्तर इलाके में उद्योग लगाने पर हमारा फोकस रहेगा।
नक्सलवाद को लेकर भी कही बड़ी बात :
सीएम साय ने छत्तीसगढ़ इनवेस्टर कनेक्ट में उद्योगपतियों को बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार नक्सलवाद के खात्मे को लेकर संकल्पित है। जल्द ही प्रदेश की सबसे बड़ी समस्या नक्सलवाद का समाधान हो जाएगा। इसके लिए केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने डेडलाइन तय कर दी है। हर हाल में प्रदेश में मार्च 2026 तक नक्सलवाद का अंत करना है।
देश के प्रमुख 10 उद्योगपति हुए शामिल
इन्वेस्टर कनेक्ट समिट में देश के 10 प्रमुख उद्योगपति शिरकत कर रहे हैं। इसके साथ ही इस मीट में छत्तीसगढ़ के उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, फिक्की के पूर्व अध्यक्ष सुभ्रकांत पांडा, छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, दिल्ली में छत्तीसगढ़ की इन्वेस्टमेंट कमिश्नर ऋतु सैन सहित कई सीनियर अधिकारी शामिल हैं।





