निरिक्षण: निर्माणाधीन ग्रेन एटीएम ‘अन्नपूर्णा’ का खाद्य संचालक फरिहा आलम ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता के साथ समय पर काम पूरा करने के दिये निर्देश
ग्रेन एटीएम से मिलेगा पारदर्शी और गरिमापूर्ण राशन वितरण,

बिलासपुर में निर्माणाधीन ग्रेन एटीएम “अन्नपूर्णा” का शनिवार को खाद्य विभाग की संचालक आईएएस फरिहा आलम सिद्दीकी ने आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को तय समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रेन एटीएम के माध्यम से राशन कार्डधारियों को पारदर्शी, सुगम और गरिमापूर्ण तरीके से समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाएगा, इसलिए यह परियोजना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
अधिकारियों को समन्वय बढ़ाने के निर्देश (निरिक्षण)
निरीक्षण के दौरान खाद्य संचालक ने निर्माण एजेंसियों और संबंधित अधिकारियों को किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि समय पर परियोजना पूरी होने से सार्वजनिक वितरण प्रणाली और अधिक मजबूत होगी तथा हितग्राहियों को सीधे इसका लाभ मिलेगा। इस अवसर पर खाद्य अधिकारी राजीव लोचन तिवारी, जिला प्रबंधक (नान) नितिन दीवान, नगर निगम अभियंता रमनदीप छाबड़ा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। संचालक ने खाद्य विभाग, नान और नगर निगम के बीच बेहतर समन्वय बनाकर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि ग्रेन एटीएम का संचालन जल्द शुरू कर आम जनता को आधुनिक और पारदर्शी राशन वितरण व्यवस्था का लाभ मिल सके।





