गांजा तस्करी पर बस्तर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 25 लाख से अधिक का मादक पदार्थ जब्त

बस्तर में गांजा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में 51 किलो से अधिक गांजा जब्त करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए गांजे की कुल कीमत 25 लाख 66 हजार 750 रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

घर में छिपाकर रखा था गांजा

भानपुरी थाना क्षेत्र में पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम केशरपाल आवासपारा का एक व्यक्ति अपने घर में बड़ी मात्रा में गांजा रखकर उसकी बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर दबिश दी और तलाशी अभियान चलाया।

तलाशी के दौरान एक प्लास्टिक ड्रम के अंदर से 33.25 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 16 लाख 62 हजार 500 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी किशोर बघेल (36) को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की।

बस स्टॉप पर पकड़ा गया दूसरा तस्कर

नगरनार थाना क्षेत्र में पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक दो बैग में गांजा लेकर बस का इंतजार कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर उसके बैग की जांच की।

जांच के दौरान बैग से 18 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत 9 लाख 4 हजार 250 रुपये बताई गई है। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान राहुल पांडेय (28) निवासी बिलासपुर के रूप में बताई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वह गांजा ओडिशा से लेकर बिलासपुर जा रहा था।

तस्करों के खिलाफ अभियान जारी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार ओडिशा से छत्तीसगढ़ आने वाले मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत दोनों कार्रवाई की गई हैं।

पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी और जांच अभियान को और तेज किया जाएगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button