किसान क्रेडिट कार्ड के नाम पर 10 लाख की ठगी: सूरजपुर पुलिस ने फरार आरोपी को दबोचा, कई ग्रामीणों से धोखाधड़ी की आशंका

सूरजपुर जिले की प्रेमनगर पुलिस ने किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) बनवाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने कई अन्य ग्रामीणों को भी इसी तरह अपना शिकार बनाया है।

केसीसी बनवाने का दिया था झांसा

प्रेमनगर निवासी मोतीराम सिंह ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि साल 2022 में आरोपी गोरेलाल सिंह ने उन्हें किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने का लालच दिया। आरोपी ने कहा था कि केसीसी के जरिए 3 से 4 लाख रुपए तक का लोन मिलेगा और उसमें से आधी राशि माफ हो जाएगी।

आरोपी ने मोतीराम सिंह और उनके पिता के संयुक्त बैंक खाते से दो किश्तों में कुल 9 लाख 95 हजार रुपए का लोन निकलवा लिया। इसके बाद पीड़ित को सिर्फ 1 लाख रुपए देकर बाकी रकम अपने पास रख ली। आरोपी ने भरोसा दिलाया था कि लोन की बाकी किस्तों का भुगतान वह खुद करेगा।

चेकबुक और एटीएम रखकर निकाली रकम

शिकायत के मुताबिक आरोपी ने पीड़ित का चेकबुक और एटीएम कार्ड भी अपने कब्जे में रख लिया था। इसी के जरिए उसने खाते से पूरी रकम निकाल ली। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने धोखाधड़ी और साजिश की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी करजी क्षेत्र में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी गोरेलाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अन्य ग्रामीणों के साथ भी इसी तरह की ठगी करना स्वीकार किया है।

वाहन, चेकबुक और एटीएम कार्ड जब्त

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई होंडा साइन मोटरसाइकिल, टीवीएस इलेक्ट्रिक स्कूटी, स्टेट बैंक का चेकबुक और एटीएम कार्ड जब्त किए हैं। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अब मामले में अन्य संभावित पीड़ितों की पहचान करने और ठगी की रकम की वसूली में जुटी हुई है। साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई है कि बैंकिंग योजनाओं या लोन के नाम पर किसी भी अनजान व्यक्ति को अपने दस्तावेज, चेकबुक या एटीएम कार्ड न सौंपें।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button