बिलासपुर में रिश्वत मांगते हेड कांस्टेबल का VIDEO वायरल, 10 हजार की डिमांड पर सस्पेंड

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मारपीट के एक मामले को निपटाने के बदले हेड कांस्टेबल द्वारा रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। आरोपी पुलिसकर्मी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने कार्रवाई करते हुए उसे सस्पेंड कर दिया है। वीडियो में हेड कांस्टेबल तीन आरोपियों को छोड़ने के एवज में 10 हजार रुपए की मांग करता दिखाई दे रहा है।

वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई

वायरल वीडियो में हेड कांस्टेबल यह कहते सुनाई दे रहा है कि “तीन-तीन आदमी को 5 हजार में थोड़ी छोड़ूंगा, तीनों के लिए 10 हजार रुपए करवा दो।” बताया जा रहा है कि वीडियो करीब दो महीने पुराना है, जो अब सामने आया है।

मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है। आरोपी हेड कांस्टेबल शोभित कैवर्त्य वहीं पदस्थ था। वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने उसे तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर पुलिस लाइन भेज दिया। साथ ही विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।

मारपीट केस में जेल भेजने की दी थी धमकी

जानकारी के मुताबिक, हेड कांस्टेबल को मारपीट के एक मामले की जांच सौंपी गई थी। आरोप है कि उसने तीन आरोपियों को थाने में बैठाकर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और जेल भेजने की धमकी दी। इसके बदले उनसे रिश्वत की मांग की गई।

बताया जा रहा है कि आरोपियों के साथ आए एक युवक ने पैसे मांगने का वीडियो बना लिया था। वहीं यह भी चर्चा है कि पुलिसकर्मी ने रिश्वत की रकम ले भी ली थी। हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

एसएसपी ने दिए जांच के निर्देश

एसएसपी ने मामले की जांच सिविल लाइन CSP को सौंपी है और सात दिनों के भीतर रिपोर्ट मांगी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी रजनेश सिंह ने सभी थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि अवैध वसूली और अनुशासनहीनता किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button