पत्नी की संदिग्ध मौत से सनसनी: करंट लगाकर हत्या का आरोप, मौत के बाद डांस करता रहा पति

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मायके पक्ष ने महिला के पति पर करंट लगाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि महिला को बच्चा नहीं होने के कारण प्रताड़ित किया जाता था और पति का दूसरी महिला से संबंध भी था। घटना उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लैंगा की है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
बच्चा नहीं होने पर करता था प्रताड़ित
जानकारी के अनुसार, मृतका की शादी वर्ष 2020 में ग्राम लैंगा निवासी संतलाल से हुई थी। मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि शादी के दो साल बाद भी बच्चा नहीं होने पर पति उसका मानसिक और शारीरिक रूप से उत्पीड़न करता था। परिवार वालों का दावा है कि आरोपी का किसी दूसरी लड़की से संबंध था और वह उसे घर लाना चाहता था। इस मामले को लेकर समाज की बैठक भी हुई थी, जहां पति को समझाइश दी गई थी, लेकिन उसके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया।
हाथों पर मिले जलने के निशान
परिजनों का आरोप है कि 17 मई की रात महिला की करंट लगाकर हत्या की गई। मृतका के हाथों पर जलने के दो निशान पाए गए हैं। परिवार का कहना है कि पति ने बिस्तर में करंट प्रवाहित कर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी द्वारा घर में तेज आवाज में म्यूजिक बजाकर डांस करने का भी आरोप लगाया गया है। मायके पक्ष को महिला की मौत की सूचना काफी देर से दी गई।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी। वहीं, मृतका के परिजनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की है।





