गौ तस्करी विवाद में गोल्डी शर्मा गिरफ्तार: पूर्व सरपंच से मारपीट का VIDEO वायरल, सतनामी समाज के प्रदर्शन के बाद कार्रवाई

रायपुर। आरंग में गौ तस्करी के आरोप को लेकर हुए विवाद के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी गोल्डी शर्मा और अभिजीत शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों पर सतनामी समाज के पूर्व सरपंच के साथ मारपीट और गाली-गलौच करने का आरोप है। घटना के विरोध में सतनामी समाज ने प्रदर्शन किया था, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज की। मामला आरंग थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, 14-15 मई की रात ग्राम गुदगुदा के पूर्व सरपंच बाल कुमार कुर्रे पर कुछ लोगों ने मवेशी तस्करी का आरोप लगाया। इसी दौरान कथित गौ सेवकों ने उनके साथ गाली-गलौच और मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सतनामी समाज में आक्रोश फैल गया।
16 मई को बड़ी संख्या में समाज के लोग आरंग थाना पहुंचे और प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी हुई। हालात को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिषेक कुमार झा, डीएसपी लंबोदर पटेल और भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया था। समाज के प्रतिनिधियों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गोल्डी शर्मा और अभिजीत शर्मा के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया। एफआईआर के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने साइबर सेल और एसीसीयू की मदद से उनकी तलाश शुरू की।
बुधवार को पुलिस ने रायपुर एयरपोर्ट से दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। डीएसपी लंबोदर पटेल ने कहा कि कानून व्यवस्था हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। दोनों आरोपियों को विशेष न्यायालय में पेश किया जाएगा। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।





