रायगढ़ के जंगलों में बढ़ा हाथियों का मूवमेंट: 140 हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग ने जारी की चेतावनी

रायगढ़ जिले के जंगलों में इन दिनों हाथियों की बढ़ती मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। जिले के अलग-अलग वन क्षेत्रों में करीब 140 हाथी विचरण कर रहे हैं। तेंदूपत्ता सीजन के चलते बड़ी संख्या में ग्रामीण सुबह जंगलों की ओर जा रहे हैं, ऐसे में वन विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और जंगल जाने के समय में बदलाव करने की सलाह दी है।

धरमजयगढ़ वन मंडल में सबसे ज्यादा हाथी

धरमजयगढ़ और रायगढ़ वन मंडल के जंगलों में हाथियों का मूवमेंट लगातार बना हुआ है। धरमजयगढ़ वन मंडल में कुल 122 हाथी मौजूद हैं, जिनमें 41 नर, 60 मादा और 21 शावक शामिल हैं। सबसे ज्यादा 52 हाथियों का दल छाल रेंज में विचरण कर रहा है। इसके अलावा 15 हाथी धरमजयगढ़ के आमगांव बीट में देखे गए हैं। वहीं रायगढ़ वन मंडल में 18 हाथियों की मौजूदगी दर्ज की गई है।

वन विभाग के अनुसार, रात के समय हाथियों के दल गांवों के करीब पहुंच रहे हैं और फसलों को नुकसान भी पहुंचा रहे हैं। ऐसे में ग्रामीणों को लगातार सतर्क किया जा रहा है।

हाथी के हमले में ग्रामीण की मौत

कापू रेंज के अलोला बीट जंगल में शनिवार सुबह एक ग्रामीण का शव मिला। मृतक की पहचान 55 वर्षीय मालिकराम बंजारा निवासी इंदकालो के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में हाथी के हमले से मौत की पुष्टि हुई है। बताया गया कि ग्रामीण जंगल में जलाऊ लकड़ी लेने गया था, तभी वह हाथी के संपर्क में आ गया।

इसके अलावा शनिवार रात धरमजयगढ़ वन मंडल के जमरगा गांव में हाथियों ने कई किसानों की फसल रौंद दी। ओंगना और रीलो गांव में भी फसलों को नुकसान पहुंचा है। रीलो गांव में एक बाइक को भी हाथियों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। वन विभाग नुकसान का आकलन कर रहा है।

तेंदूपत्ता संग्रहकों को दी जा रही सलाह

तेंदूपत्ता सीजन को देखते हुए वन विभाग गांव-गांव मुनादी कराकर लोगों को जागरूक कर रहा है। ग्रामीणों को सलाह दी गई है कि जंगल जाने से पहले हाथियों की गतिविधियों की जानकारी जरूर लें और हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में जाने से बचें।

धरमजयगढ़ वन मंडल के डीएफओ जितेंद्र उपाध्याय ने बताया कि तेंदूपत्ता संग्रहकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। सरपंच, कोटवार और वनकर्मियों को लगातार लोगों को सतर्क करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई