Adulterated Spices: व्यापार विहार में लाखों का ‘एवरेस्ट’ मसाला जब्त, प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
मूवर्स एंड पैकर्स गोदाम से नकली माल बरामद.....

बिलासपुर न्यायधानी के प्रमुख व्यापारिक केंद्र व्यापार विहार में (Adulterated Spices) प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नामी गिरामी ‘एवरेस्ट’ ब्रांड के नाम पर बेचे जा रहे नकली मसालों का बड़ा जखीरा पकड़ा है। यह पूरी कार्रवाई राजस्व विभाग के अधिकारियों द्वारा एवरेस्ट कंपनी के अधिकृत पदाधिकारियों की शिकायत के बाद की गई। शिकायत मिलते ही टीम ने व्यापार विहार स्थित एक मूवर्स एवं पैकर्स कंपनी के गोदाम पर अचानक दबिश दी, जहाँ लाखों रुपए का संदिग्ध और नकली मसाला स्टॉक करके रखा गया था।
ब्रांडेड कंपनी के नाम पर जहर परोसने की साजिश नाकाम; (Adulterated Spices)
मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर तत्काल खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने मसालों के सैंपल जांच के लिए एकत्रित किए हैं। शुरुआती जांच में यह पाया गया है कि इन मसालों को ब्रांडेड पैकेजिंग में भरकर बाजार में खपाने की तैयारी थी, जिससे न केवल कंपनी को आर्थिक नुकसान हो रहा था बल्कि जनता के स्वास्थ्य के साथ भी बड़ा खिलवाड़ किया जा रहा था। फिलहाल प्रशासन ने पूरे माल को जब्त कर लिया है और संबंधित फर्म के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। अधिकारियों द्वारा पूछताछ और जांच की प्रक्रिया अभी जारी है, जिससे इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खुलासे होने की भी उम्मीद है





