रायपुर में ‘द ग्रैंड मूवी क्विज’ का आयोजन, सिने प्रेमियों ने दिखाया उत्साह

राजधानी रायपुर में फिल्म कम्यूनिटी ‘सिनेमा एंड बियॉन्ड’ की ओर से 28 मार्च को वीआईपी रोड स्थित नुक्कड़ विहान में ‘द ग्रैंड मूवी क्विज’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सिनेमा के प्रति रुचि रखने वाले प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और आयोजन को सफल बनाया।
प्रतियोगिता में करीब 12 टीमों ने भाग लिया, जिनमें अलग-अलग आयु वर्ग और पृष्ठभूमि के प्रतिभागी शामिल रहे। क्विज को तीन चरणों में आयोजित किया गया, जिसमें विश्व सिनेमा, हिंदी सिनेमा और प्रादेशिक सिनेमा से जुड़े सवाल पूछे गए। प्रतिभागियों ने अपने ज्ञान और सिनेमा की समझ का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
यह आयोजन शहर में अपनी तरह का पहला प्रयास रहा, जिसने सिनेमा प्रेमियों को एक साझा मंच प्रदान किया। प्रतियोगिता में नीलिमा मिश्रा, नौशाद और वेदांत की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के साहित्यकार मीर अली मीर भी उपस्थित रहे।
आयोजन की जिम्मेदारी ‘सिनेमा एंड बियॉन्ड’ की टीम—सुहानी, प्रियांक, खुशाल और इरफान—ने संभाली। यह टीम पिछले दो वर्षों से सिनेमा पर आधारित चर्चाओं और गतिविधियों के जरिए शहर में फिल्म संस्कृति को बढ़ावा देने का काम कर रही है।





