दो सिस्टम एक्टिव, 4 अप्रैल तक बारिश-आंधी का अलर्ट: बस्तर में ज्यादा असर, 40° के पार पहुंचा तापमान

छत्तीसगढ़ में मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। प्रदेश में दो मौसमी सिस्टम सक्रिय होने के कारण 4 अप्रैल तक कई इलाकों में आंधी-बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में इसका असर ज्यादा देखने को मिलेगा।
राज्य में फिलहाल तापमान सामान्य बना हुआ है, लेकिन दिन के समय तेज गर्मी महसूस की जा रही है। पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। इसी दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
पश्चिम बंगाल से ओडिशा तक बने ट्रफ के प्रभाव से यह बदलाव देखने को मिल रहा है। इसके चलते 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और कुछ स्थानों पर बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है।
राजधानी रायपुर में भी बादल छाए रहने की संभावना है। यहां गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवा चल सकती है। अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है।
गर्मी बढ़ने के कारण लोग दिन में धूप से बचने के लिए सावधानी बरत रहे हैं। आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव से गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।





