आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले चेन्नई को झटका, धोनी शुरुआती मैचों से बाहर

आईपीएल 2026 के आगाज से पहले चेन्नई सुपर किंग्स को बड़ा झटका लगा है। टीम के अनुभवी खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी चोट के कारण टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबलों में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। उनकी गैरमौजूदगी में टीम को शुरुआती मैचों में मैदान पर उतरना होगा।
टीम प्रबंधन के अनुसार धोनी पिंडली में खिंचाव की समस्या से जूझ रहे हैं और फिलहाल रिहैबिलिटेशन प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। इसी कारण वह करीब दो सप्ताह तक टीम से बाहर रह सकते हैं। उनकी चोट ने टीम संतुलन और रणनीति पर असर डालने की आशंका बढ़ा दी है।
धोनी के दो सप्ताह तक बाहर रहने की स्थिति में वे कम से कम तीन मुकाबलों में नहीं खेल पाएंगे। टीम का पहला मैच 30 मार्च को राजस्थान के खिलाफ है। इसके बाद 3 अप्रैल को पंजाब के साथ और 5 अप्रैल को बेंगलुरु के खिलाफ मुकाबला खेला जाएगा, जिनसे भी उनके बाहर रहने की संभावना है।
संभावना जताई जा रही है कि धोनी की वापसी 11 अप्रैल को होने वाले मुकाबले में हो सकती है। इससे पहले टीम को उनके अनुभव और नेतृत्व के बिना ही चुनौती का सामना करना पड़ेगा।
गौरतलब है कि धोनी पिछले कुछ समय से फिटनेस समस्याओं से जूझते रहे हैं। इससे पहले भी उन्हें घुटने की परेशानी का सामना करना पड़ा था, जिसके चलते सर्जरी भी करानी पड़ी थी। ऐसे में उनकी फिटनेस को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं।





