बिलासपुर में बिजली बिल के नाम पर साइबर ठगी, APK फाइल डाउनलोड करते ही खाते से पैसे गायब

बिलासपुर। शहर में साइबर ठगों ने ठगी का नया तरीका अपनाया है। अब आरटीओ और ट्रैफिक चालान के बाद बिजली बिल के नाम पर APK फाइल भेजकर लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। चकरभाठा और सिविल लाइन थाना क्षेत्र में ऐसे दो मामले सामने आए हैं, हालांकि अब तक दोनों पीड़ितों ने थाने में एफआईआर दर्ज नहीं कराई है।
चकरभाठा थाना क्षेत्र के हाईकोर्ट आवासीय परिसर निवासी यश राज सिंह के व्हाट्सएप पर “बिल अपडेट APK” नाम से फाइल भेजी गई। जैसे ही उन्होंने फाइल डाउनलोड की, मोबाइल हैक हो गया और खाते से करीब 62 हजार रुपए कट गए।
वहीं सिविल लाइन थाना क्षेत्र की भूमिका चौहान ने राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। उनके मोबाइल पर भी बिजली बिल अपडेट के नाम पर APK फाइल आई थी। फाइल डाउनलोड करते ही मोबाइल हैक हो गया और खाते से पैसे कट गए।
कैसे हो रही ठगी
दरअसल छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड हर महीने उपभोक्ताओं को व्हाट्सएप पर बिजली बिल भेजती है। इसी का फायदा उठाकर साइबर ठग फर्जी APK फाइल भेज रहे हैं और लोग अनजाने में उसे डाउनलोड कर ठगी का शिकार हो रहे हैं।
सावधानी जरूरी
- किसी भी अनजान APK फाइल को डाउनलोड न करें
- केवल आधिकारिक वेबसाइट या ऐप से ही बिल देखें
- व्हाट्सएप पर आए लिंक या फाइल पर तुरंत भरोसा न करें
- संदिग्ध मैसेज मिलने पर साइबर पुलिस को सूचना दें
पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और ऐसे फर्जी मैसेज से दूर रहने की अपील की है।





