मिडिल ईस्ट तनाव का असर, छत्तीसगढ़ से विदेश यात्रा में 60–70% तक गिरावट

रायपुर। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और युद्ध जैसे हालात का असर अब छत्तीसगढ़ की ट्रैवल इंडस्ट्री पर भी साफ दिखाई देने लगा है। गर्मी की छुट्टियों में विदेश घूमने जाने वाले यात्रियों की संख्या में इस बार 60 से 70 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई है।
ट्रैवल एजेंसियों के अनुसार हर साल बड़ी संख्या में लोग दुबई और यूरोप के देशों की यात्रा करते थे, लेकिन अंतरराष्ट्रीय हालात और बढ़ते एयरफेयर के कारण इस बार बुकिंग में भारी कमी आई है। एयरलाइंस ने टिकट के दाम बढ़ा दिए हैं, जिससे यात्रियों को विदेश यात्रा टालनी या रद्द करनी पड़ रही है।
एयरफेयर बढ़ने से ट्रैवल प्लान प्रभावित
सौरभ व्यास, मैनेजिंग डायरेक्टर व्यास ट्रैवल सर्विसेज ने बताया कि मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव का सीधा असर ट्रैवल इंडस्ट्री पर पड़ा है। पहले गर्मी की छुट्टियों में भारी बुकिंग होती थी, लेकिन इस बार यात्रियों की संख्या में 60–70 प्रतिशत तक गिरावट आई है।
उन्होंने कहा कि खासकर यूरोप के लिए एयरफेयर काफी महंगा हो गया है, जिसके कारण लोग अपने ट्रैवल प्लान कैंसिल या आगे बढ़ा रहे हैं।
आगे और बढ़ सकता है असर
ट्रैवल इंडस्ट्री से जुड़े लोगों का कहना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय हालात जल्द सामान्य नहीं हुए, तो आने वाले महीनों में विदेश यात्रा और ट्रैवल कारोबार पर इसका असर और गहरा सकता है।





