रायपुर रेलवे स्टेशन पर ऐप से कुली बुक करने की तैयारी, यात्रियों से लिया जा रहा फीडबैक

रायपुर। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे द्वारा रायपुर रेलवे स्टेशन पर जल्द ही ऐप के जरिए कुली बुक करने की सुविधा शुरू की जा सकती है। रायपुर रेल मंडल इस नई व्यवस्था के लिए विशेष मोबाइल ऐप तैयार कर रहा है और इसे लागू करने से पहले यात्रियों से फीडबैक लिया जा रहा है।

रेल मंडल द्वारा जारी क्यूआर स्कैनर के माध्यम से यात्रियों का सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे में कुलियों की जानकारी, किराया, सुविधा और ओवरचार्जिंग जैसी समस्याओं पर यात्रियों की राय ली जा रही है।

नई व्यवस्था लागू होने के बाद यात्री ट्रेन के रायपुर स्टेशन पहुंचने से पहले ही ऐप के जरिए कुली बुक कर सकेंगे। ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही कुली संबंधित कोच और सीट तक पहुंच जाएंगे, जिससे यात्रियों को स्टेशन पर कुली ढूंढने की परेशानी नहीं होगी और समय की भी बचत होगी। इसके साथ ही किराए को लेकर मोलभाव और अधिक राशि वसूलने जैसी शिकायतों में भी कमी आने की उम्मीद है।

रेलवे के जन-सर्वेक्षण में यात्रियों से यह भी पूछा जा रहा है कि वे कितनी बार ट्रेन से यात्रा करते हैं, कुली सेवा लेते हैं या नहीं, कुली खोजने में दिक्कत होती है या नहीं और क्या ऑनलाइन बुकिंग से समय, सुरक्षा और सुविधा बढ़ेगी। रेलवे का मानना है कि इस डिजिटल पहल से यात्रियों को अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक सेवा मिल सकेगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button