धरसीवा में IDBI बैंक धोखाधड़ी पर उग्र आंदोलन, खाताधारकों ने शाखा में की तालाबंदी

धरसीवा। IDBI बैंक की धरसीवा शाखा में कथित धोखाधड़ी के खिलाफ खाताधारकों का आक्रोश बढ़ गया है। करीब डेढ़ माह से न्याय की मांग कर रहे पीड़ितों ने सोमवार को बैंक शाखा में तालाबंदी कर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
पीड़ितों का आरोप है कि बैंक कर्मचारियों की मिलीभगत से करीब डेढ़ करोड़ रुपये की धोखाधड़ी हुई है। अब तक लगभग 20 खाताधारक सामने आ चुके हैं, जिन्होंने अपनी जमा पूंजी खोने की शिकायत की है। मामले को लगातार उठाए जाने के बावजूद संतोषजनक कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
जानकारी के अनुसार पीड़ित पहले ही पुलिस प्रशासन, विधायक, सांसद, पूर्व मुख्यमंत्री, कलेक्टर और एसपी को ज्ञापन सौंप चुके हैं। पुलिस ने करीब 20 आवेदनों में से 3 मामलों में एफआईआर दर्ज कर दो बैंक कर्मियों राजा खूंटे और दुर्गेश शर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हालांकि पीड़ित तत्कालीन बैंक प्रबंधक सहित सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और रकम की वापसी की मांग पर अड़े हुए हैं।
शुक्रवार को दिए गए अल्टीमेटम के बाद सोमवार से पीड़ितों ने उग्र आंदोलन शुरू करते हुए बैंक में तालाबंदी कर दी। सूचना मिलते ही प्रशांत शुक्ला मौके पर पहुंचे। इसके बाद पीड़ितों ने विरोध रैली निकाली, जो थाने तक पहुंची। फिलहाल पुलिस और पीड़ितों के बीच बातचीत जारी है, जबकि इंडियन नेशनल कांग्रेस ने भी पीड़ितों को समर्थन दिया है।
पीड़ितों की मुख्य मांगें:
•सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी हो।
•पीड़ितों की जमा राशि जल्द वापस की जाए।
•मामले की निष्पक्ष और तेज जांच हो।
फिलहाल धरसीवा में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रित बताई जा रही है और प्रशासन मामले के समाधान के प्रयास में जुटा हुआ है।





