खल्लारी मंदिर रोपवे हादसा: केबल टूटने से ट्रॉली गिरी, युवती की मौत, 16 श्रद्धालु घायल

छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले स्थित खल्लारी माता मंदिर में रोपवे हादसा हो गया, जिसमें एक युवती की मौत हो गई जबकि 16 श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों में 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी श्रद्धालु चैत्र नवरात्रि के दौरान दर्शन करने पहुंचे थे।
दर्शन के बाद श्रद्धालु रोपवे की ट्रॉली से नीचे उतर रहे थे, तभी अचानक केबल टूट गया। इससे ट्रॉली अनियंत्रित होकर पहाड़ी से टकराई और उसमें सवार लोग करीब 20 फीट नीचे गिर गए। इस हादसे में एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान ऊपर जा रही दूसरी ट्रॉली भी संतुलन खो बैठी और नीचे गिर गई, जिससे उसमें बैठे लोग भी घायल हो गए। हादसे के बाद मंदिर परिसर में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाया।
स्थानीय लोगों ने रोपवे के रखरखाव में लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि नियमित मेंटेनेंस नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ। जिला प्रशासन ने मामले की जांच के बाद रोपवे संचालक कंपनी और दो कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
पुलिस ने आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोष सिद्ध होने पर सख्त कार्रवाई की बात कही गई है।
खल्लारी माता मंदिर पहाड़ी की चोटी पर स्थित है, जहां पहुंचने के लिए करीब 800 सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं। इसी कारण यहां श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रोपवे की व्यवस्था की गई है, लेकिन इस हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।





