छत्तीसगढ़ में मौसम बदलेगा, तीन दिन बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट; तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट संभव

छत्तीसगढ़ में मौसम में जल्द बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 13, 14 और 15 मार्च को प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान बस्तर संभाग के कुछ क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम के इस बदलाव से तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट आने का अनुमान है।
पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा था। वहीं बीते 24 घंटों में तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रिकॉर्ड किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार झारखंड में बने एक सिनोप्टिक सिस्टम के प्रभाव के कारण प्रदेश के मौसम में यह परिवर्तन होने की संभावना बन रही है।
फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है। दिन के समय गर्मी महसूस हो रही है, जबकि सुबह और रात के समय हल्की ठंड का एहसास हो रहा है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बिहार से झारखंड होते हुए उत्तर छत्तीसगढ़ तक समुद्र तल से करीब 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक ट्रफ लाइन सक्रिय है। ट्रफ लाइन कम दबाव की लंबी पट्टी होती है, जहां आसपास के क्षेत्रों की तुलना में हवा का दबाव कम होता है। इस कारण अलग-अलग दिशाओं से हवाएं इस क्षेत्र की ओर खिंचती हैं और ऊपर उठती हैं, जिससे बादल बनने और बारिश होने की संभावना बढ़ जाती है।
इस सिस्टम के असर से प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादल छाने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के दुर्ग और राजनांदगांव जिले सबसे गर्म रहे, जहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी रायपुर में अगले 24 घंटों के दौरान मौसम साफ रहने के साथ हल्की धुंध रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार 13 मार्च को प्रदेश के कुछ स्थानों पर बहुत हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। 14 मार्च को भी कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश और आंधी की संभावना है। वहीं 15 मार्च को कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के आसार जताए गए हैं। इस दौरान भी गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना बनी रहेगी।





