टी20 वर्ल्ड कप जीत के बाद ट्रेन से घर पहुंचे शिवम दुबे, पहचान छिपाकर किया सफर

भारतीय क्रिकेट टीम के टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद सभी खिलाड़ी अपने-अपने घर लौट गए। जहां अधिकांश खिलाड़ी फ्लाइट से घर पहुंचे, वहीं टीम की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले ऑलराउंडर शिवम दुबे ने ट्रेन से मुंबई लौटने का फैसला किया। उन्होंने अपनी पहचान छिपाकर अहमदाबाद से मुंबई तक का सफर तय किया।
फाइनल मुकाबले में शिवम दुबे ने 8 गेंदों में 25 रन की तेज पारी खेलकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया था। मैच खत्म होने के कुछ ही घंटों बाद वह अपनी पत्नी और एक दोस्त के साथ मुंबई लौटने की तैयारी में जुट गए। उस समय अहमदाबाद से मुंबई जाने वाली सभी फ्लाइट्स पहले से ही फुल थीं, इसलिए उन्हें ट्रेन से यात्रा करनी पड़ी।
ट्रेन में भी उन्हें फर्स्ट एसी की टिकट नहीं मिल सकी, जिसके कारण उन्होंने थर्ड एसी कोच में तीन टिकट बुक कराए। पहचान छिपाने के लिए उन्होंने टोपी और मास्क पहन लिया और चुपचाप रेलवे स्टेशन पहुंचे।
स्टेशन पर फैंस की भीड़ को देखते हुए उन्होंने अपनी पत्नी और दोस्त को पहले प्लेटफॉर्म पर भेज दिया। खुद ट्रेन के रवाना होने से करीब पांच मिनट पहले प्लेटफॉर्म पर पहुंचे और तुरंत ट्रेन में सवार हो गए। ट्रेन में चढ़ने के बाद वह सीधे ऊपर वाली बर्थ पर जाकर लेट गए ताकि कोई उन्हें पहचान न सके।
यात्रा के दौरान जब टिकट चेकर ने टिकट पर शिवम दुबे का नाम देखा तो वह हैरान रह गया और पूछा कि क्या यह वही क्रिकेटर हैं। इस पर उनकी पत्नी ने स्थिति संभालते हुए इनकार कर दिया।
इस तरह शिवम दुबे बिना किसी पहचान के ट्रेन से आराम से मुंबई पहुंच गए। हालांकि मुंबई के बोरिवली स्टेशन पर उन्हें पहचान लिए जाने का डर था। ऐसे में उन्होंने स्थानीय पुलिस से संपर्क किया।
पुलिस स्टेशन पहुंची और उन्हें सुरक्षित तरीके से बाहर निकालकर घर तक पहुंचाया। बताया जा रहा है कि शिवम दुबे अपने बच्चों से जल्द मिलने की इच्छा के कारण किसी भी तरह जल्दी घर पहुंचना चाहते थे, इसलिए उन्होंने ट्रेन से सफर करने का फैसला किया।





