गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने पर रायपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन, घड़ी चौक पर चूल्हा जलाकर जताया विरोध

रायपुर। गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को रायपुर के घड़ी चौक में विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हाथों में गैस सिलेंडर लेकर चौक के पास स्थित सरकारी कार्यालयों का घेराव किया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बढ़ती महंगाई पर नाराजगी जताई।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेत्रियों ने चूल्हे पर खाना बनाकर प्रतीकात्मक विरोध भी दर्ज कराया। उनका कहना था कि गैस सिलेंडर के दाम इतने बढ़ गए हैं कि आम महिलाओं को फिर से चूल्हे पर खाना बनाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

कांग्रेस नेता पंकज शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण लगातार महंगाई बढ़ रही है और आम जनता इसकी मार झेलने को मजबूर है। उन्होंने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर पर 60 रुपये और व्यावसायिक सिलेंडर पर 110 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।

सांसदों के आवास घेरने की चेतावनी

कांग्रेस के जिला अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन ने कहा कि गैस सिलेंडर की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि से आम जनता परेशान है और पार्टी लगातार इस मुद्दे को उठा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर जल्द नियंत्रण नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

IMG 9894

उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर सांसदों के आवास का घेराव भी किया जाएगा और यदि केंद्रीय मंत्री छत्तीसगढ़ आएंगे तो उनके सामने भी महंगाई का मुद्दा उठाया जाएगा। कांग्रेस ने कहा कि जब तक सरकार महंगाई पर ठोस कदम नहीं उठाती, तब तक पार्टी का विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button