झोलाछाप डॉक्टर के क्लिनिक में गर्भवती महिला की मौत, बिना पोस्टमॉर्टम हुआ अंतिम संस्कार

बलौदाबाजार जिले में सर्दी-खांसी का इलाज कराने गई चार महीने की गर्भवती महिला की एक कथित झोलाछाप डॉक्टर के क्लिनिक में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला की तबीयत अचानक बिगड़ी, उसे उल्टियां हुईं और वह बेहोश हो गई। बाद में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना पलारी थाना क्षेत्र के छेरकाडीह जारा गांव की है। जानकारी के अनुसार, अजय साहू की पत्नी इंदु साहू को सर्दी-खांसी की शिकायत थी। वह गांव में ही इलाज करने वाले जयंत साहू के पास पहुंची थी। बताया गया कि पहले डॉक्टर क्लिनिक पर मौजूद नहीं थे, जिसके बाद वह घर लौट आई। कुछ समय बाद डॉक्टर के आने की सूचना पर वह दोबारा क्लिनिक गई।

परिजनों के मुताबिक, जांच के दौरान महिला की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उसे उल्टी हुई और चक्कर खाकर गिर पड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि इंजेक्शन लगाने के बाद उसकी हालत खराब हुई, हालांकि इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, परिजन करीब चार घंटे तक वहां मौजूद रहे और बाद में पोस्टमॉर्टम न कराने का लिखित आवेदन देकर शव ले गए।

परिवार ने बिना पोस्टमॉर्टम कराए ही अंतिम संस्कार कर दिया। मामले में अब तक थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

उधर, संबंधित व्यक्ति ने स्वीकार किया है कि उसके पास कोई मान्य चिकित्सा डिग्री नहीं है और वह लंबे समय से इलाज कर रहा है। स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की ओर से फिलहाल किसी औपचारिक जांच या कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई