बलौदाबाजार में ACB की बड़ी कार्रवाई: RES के SDO 25 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार

बलौदाबाजार। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जनपद पंचायत पलारी के ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (RES) विभाग में पदस्थ एसडीओ गोपाल कृष्ण शर्मा को 25 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
शिकायत के बाद बिछाया गया जाल
जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत भवानीपुर के उप सरपंच फागु सेन ने ACB में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि मुरूम समतलीकरण कार्य के बदले एसडीओ द्वारा 1 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद ACB की टीम ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। तय योजना के तहत आरोपी को 25 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
हाल ही में हुआ था प्रमोशन
बताया जा रहा है कि गोपाल कृष्ण शर्मा का कुछ माह पूर्व ही प्रमोशन हुआ था और वे जनपद पंचायत पलारी के RES विभाग में एसडीओ के पद पर पदस्थ थे।
ACB की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई के बाद RES विभाग में हड़कंप मच गया है।





