बकाया भुगतान को लेकर किसानों का ट्रैक्टर मार्च, रेल रोको की चेतावनी

महासमुंद जिले के 132 किसानों और मजदूरों ने बकाया भुगतान नहीं मिलने पर बड़ा आंदोलन करने की घोषणा की है। किसानों का आरोप है कि रबी सीजन 2024-25 में सिकंदराबाद स्थित कावेरी बीज कंपनी ने उनकी जमीन लीज पर लेकर बीज उत्पादन कराया, लेकिन अब तक भुगतान नहीं किया गया।
किसानों के अनुसार मूल बकाया राशि 3,23,26,388 रुपए है। जुलाई 2025 से फरवरी 2026 तक 2 प्रतिशत मासिक ब्याज जोड़ने पर 51,72,222 रुपए अतिरिक्त बनते हैं। इस प्रकार कुल बकाया 3,74,98,610 रुपए हो गया है।
इस मुद्दे पर पन्नालाल टावर, महासमुंद में बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनप्रतिनिधि और किसान संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। किसानों का कहना है कि भुगतान नहीं मिलने से कई परिवार आर्थिक संकट में हैं और कर्ज का बोझ बढ़ता जा रहा है।
किसानों ने 20 जनवरी को रायपुर के धनेली स्थित कंपनी के प्रसंस्करण प्लांट का घेराव करने की घोषणा की है। महासमुंद से सैकड़ों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ राजधानी तक रैली निकाली जाएगी।
किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसमें रेल रोको आंदोलन भी शामिल हो सकता है। किसानों का कहना है कि उनकी मांगें पूरी नहीं होने पर जिम्मेदारी संबंधित कंपनी की होगी।





